थांदला में मोबाइल दुकानदार से साइबर ठगी, झाबुआ पुलिस ने 3 दिन में महाराष्ट्र से आरोपी को दबोचा
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें

थांदला । झाबुआ पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए त्वरित कार्रवाई में महज तीन दिनों के भीतर आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार थांदला निवासी एक मोबाइल दुकानदार को आरोपी ने सस्ते दामों में 20 मोबाइल उपलब्ध कराने का लालच दिया। आरोपी ने स्वयं को बड़े स्तर का मोबाइल डीलर बताते हुए विश्वास में लिया और अलग-अलग माध्यमों से कुल 2 लाख 52 हजार 680 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
राशि प्राप्त होने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और संपर्क समाप्त कर दिया। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर पीड़ित ने थाना थांदला में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में साइबर सेल एवं थाना थांदला की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर आरोपी रोशन शर्मा को पालघर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर रहा था। समय रहते कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 लाख 6 हजार 493 रुपये की राशि होल्ड करवा दी, जिससे पीड़ित को राहत मिलने की संभावना बनी है।
पुलिस की अपील :-
- किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर ऑनलाइन भुगतान न करें।
- बड़े सौदों से पहले पहचान और दस्तावेजों की जांच करें।
- साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
- नजदीकी थाने या साइबर सेल से तत्काल संपर्क करें।





