थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

झाबुआ । जिले के करवड़ पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चवरापाड़ा (मोर) में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ गेहूं निकालने के दौरान थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था और यहाँ मजदूरी के कार्य से आया था।
बेल्ट में फंसने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मूलचंद पिता मालेराम वर्मा (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह राजस्थान के सीकर जिले की माधोपुर तहसील का निवासी था और थ्रेशर मशीन का मालिक भी था।

घटना उस समय हुई जब मूलचंद चवरापाड़ा में एक किसान के खेत पर गेहूं निकालने का कार्य कर रहा था। कार्य के दौरान अचानक उसका शरीर थ्रेशर मशीन के पीछे चल रहे बेल्ट की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मशीन में फंसने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।





