प्रदेशस्तरीय परीक्षा में मेट्रो एजुकेशन एकेडमी के छात्र ने लहराया परचम
कक्षा 5वीं व 8वीं में उत्कृष्ट परिणाम, विद्यालय में खुशी की लहर


थांदला । प्रदेशस्तरीय विद्यालय प्रवेश प्रतिस्पर्धा चयन परीक्षा में नगर के मेट्रो एजुकेशन एकेडमी विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का एक बार फिर परिचय दिया है। कक्षा पांचवीं के छात्र प्रज्वल परमार ने श्रमोदय विद्यालय की प्रवेश चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से छात्र, परिवार और विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है। उल्लेखनीय है कि श्रमोदय विद्यालय प्रदेश के चुनिंदा विद्यालयों में शामिल है, जहाँ प्रवेश पाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

इसी क्रम में विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। कक्षा आठवीं और कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा आठवीं में छात्रा जिज्ञासा ने 86.17% तथा नितिन श्रीवास ने 75.17% अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की।

वहीं कक्षा पांचवीं के परिणाम भी बेहद शानदार रहे। इशिका किर ने 89.75%, प्रियांशी ने 87.50%, उत्कर्ष नगारची एवं प्रज्वल परमार ने 86.50%, अतिश भटेवरा ने 81.75%, दृष्टि पंवार ने 79.25% और अवनी वर्मा ने 78.75% अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। संस्था के संचालक भूषण भट्ट एवं अशोक शर्मा सहित समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि विगत दो वर्षों से विद्यालय के विद्यार्थियों का चयन लगातार नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल विद्यालय एवं श्रमोदय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में हो रहा है, जो विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली को दर्शाता है।





