वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर में आज धूमधाम से मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव
पंचामृत अभिषेक, 56 भोग, भजन संध्या, महाआरती एवं महाप्रसाद का होगा आयोजन

पंचामृत अभिषेक, 56 भोग, भजन संध्या, महाआरती एवं महाप्रसाद का होगा आयोजन
सोरभ खेमसरा
मेघनगर । नगर समीप ग्राम फुटतालाब स्थित वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर में आज गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर के महंत श्री दिलीप दास जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातःकाल विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मारुति नंदन हनुमान जी का फलों के रस एवं पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा।

दोपहर 12 बजे गणेश मंडल एवं महाकाल मंडल द्वारा भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद महाआरती संपन्न होगी तथा सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा।
समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन, राजेश (रिंकू) जैन एवं जैकी जैन ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव में भाग लेने तथा धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।





