प्रतिबंध के बावजूद एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही थीं बाइकें, पुलिस ने की कार्रवाई
सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 10 से अधिक वाहन चालकों के कटे चालान

थांदला । दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं और यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए थांदला पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक्सप्रेसवे पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंध के बावजूद एक्सप्रेसवे पर दौड़ रहे 10 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों के चालान बनाकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
जानकारी के अनुसार टिमरवानी टोल बैरियर से रतलाम होते हुए कोटा तक का एक्सप्रेसवे मार्ग पूरी तरह तैयार है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर दोपहिया वाहन, ट्रैक्टर एवं तीन पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इन वाहनों की गति एक्सप्रेसवे पर चलने वाले अन्य तेज रफ्तार वाहनों की तुलना में कम होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।

इसके बावजूद पिछले कुछ समय से बड़ी संख्या में बाइक सवार नियमों की अनदेखी कर एक्सप्रेसवे का उपयोग कर रहे थे। इससे दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ने के साथ अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों और हादसों को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की।
थाना प्रभारी अशोक कनेश ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे पर बाइक चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील : सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।





