गुरु पूर्णिमा महोत्सव संपन्न, वनेश्वर मारुति मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सौरभ खेमसरा
मेघनगर । नगर समीप ग्राम फुटतालाब स्थित वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा का महोत्सव बड़ी धूमधाम और आस्था के साथ मनाया गया। मंदिर के महंत श्री दिलीप दास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

प्रातः काल से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। विधि-विधान से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान मारुति नंदन हनुमान जी का फलों के रस एवं पंचामृत से अभिषेक किया। इसके बाद आकर्षक वस्त्रों एवं फूलों से भगवान का श्रृंगार किया गया तथा 56 प्रकार का विशाल भोग अर्पित किया गया, जिसे देख भक्तिभाव से भर उठे।
दोपहर 12:00 बजे गणेश मंडल एवं महाकाल मंडल द्वारा भजनों की मधुर एवं भावनात्मक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके उपरांत महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर आरती में सहभागिता की। आरती की समाप्ति पर विशाल महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया गया, जहाँ सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर समापन किया।

इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन, राजेश (रिंकू) जैन व जैकी जैन ने सभी धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की अपेक्षा से अधिक भीड़ रही, जो इस आयोजन के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाता है। सभी ने मंदिर समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों की सालाना परंपरा बनाए रखने की बात कही। इस अवसर पर मेघनगर के हरिराम गिरधानी, आनन्दी पडियार, दिनेश वैरागी बड़ी संख्या में सहित ग्रामीण व नगरजन उपस्थित थे ।





