इंदौरदेशमध्यप्रदेशमौसम

इंदौर में सात दिवसीय “आपदा मित्र” प्रशिक्षण का शुभारंभ

जिले के 900 आपदा मित्रों को किया जायेगा प्रशिक्षित

इंदौर ।  राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, इंदौर के निर्देशानुसार मंगलवार से इंदौर जिले में सात दिवसीय “आपदा मित्र” प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन एसडीआरएफ (SDRF) के प्रशिक्षण केंद्र, रालामंडल (इंदौर) में किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के प्रथम चरण में करीब 150 आपदा मित्रों का पंजीकरण किया गया है। जिले के लिए कुल 900 आपदा मित्रों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आपदा मित्रों की प्रभावी सहायता उपलब्ध हो सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर (CPR), खोज एवं बचाव (Search & Rescue), बाढ़ प्रबंधन, अग्निशमन के प्रारंभिक उपाय, घायलों का सुरक्षित स्थानांतरण तथा स्थानीय संसाधनों जैसे केले के तने और प्लास्टिक की बोतलों की सहायता से अस्थायी राफ्ट (Raft) और स्ट्रेचर तैयार करने जैसी व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय स्तर पर ऐसे प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार करना है, जो प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों का प्रभावी सहयोग कर सकें। इस प्रशिक्षण का संचालन कंपनी कमांडेंट, होमगार्ड, जिला इंदौर अविनाश दिनकर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!