
जीवदया प्रेमी पवन नाहर को भोला भण्डारा परिवार ने दिया ‘भोले भक्त सम्मान’
थांदला/झाबुआ । समाजसेवा, जीवदया और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में सतत सक्रिय रहने वाले जीवदया प्रेमी पवन नाहर को इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के दौरान पहलगाम मार्ग स्थित चंदनवाड़ी में संचालित भोला भण्डारा परिवार, दाहोद द्वारा आयोजित रजत जयंती समारोह में “भोले भक्त सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें धार्मिक, सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों में उनके निरंतर योगदान तथा अमरनाथ यात्रा के दौरान लंगर सेवा में तन-मन-धन से दिए गए सहयोग के लिए प्रदान किया गया।
पवन नाहर का व्यक्तित्व केवल जीवदया तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाजहित के प्रत्येक कार्य में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, वीर सैनिकों का सम्मान, चिकित्सकों का सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शासकीय विद्यालयों में शिक्षण सामग्री एवं स्वेटर वितरण, निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में उल्लेखनीय सेवाएं देकर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है।
विशेष रूप से अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनवाड़ी में भोला भण्डारा परिवार द्वारा संचालित विशाल लंगर में उन्होंने श्रद्धालुओं की सेवा हेतु तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया। यही सेवा भावना उन्हें समाज में विशिष्ट स्थान दिलाती है। उनका सरल, सहज एवं मिलनसार स्वभाव ही उनकी सबसे बड़ी पहचान बन चुका है। धार्मिक आयोजन हों, सामाजिक सरोकार हों या फिर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम—पवन नाहर सदैव अग्रिम पंक्ति में सक्रिय दिखाई देते हैं।
भोले भक्त सम्मान मिलने पर भोला भण्डारा परिवार, दाहोद के मुख्य संचालक विक्की भैया, दुर्गेश महाराज, कृष्णकांत काका, गुन्नु महाराज, राजा भैया, मंगल रवि कुमार, मितल परमार, निहाल शर्मा, श्याम ठाकुर, सुंदर गिरी, मुकेश गोस्वामी, केयूर मोड़ियार सहित झाबुआ एवं थांदला के प्रकाश भाई, नीरज राठौर, श्रीमंत अरोड़ा, तेजमल राठौड़, समरथ महाराज, राजू धानक, ललित शर्मा, किशोर पड़ियार, एम.डी. चौहान, मोहनलाल चौहान, आत्माराम शर्मा, मनोज उपाध्याय, मनीष अहीरवार, अमृतलाल चौहान, महेश गढ़वाल, तुलसी मेहते, प्रकाश सोनी, उदयसिंह सोलंकी, मनोज वर्मा, राकेश जोजो, चिंटू बैरागी, विशाल प्रजापत, शेखर चौहान सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।
उल्लेखनीय है कि भोला भण्डारा परिवार, दाहोद पिछले 25 वर्षों से अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनवाड़ी में विशाल लंगर सेवा का संचालन कर रहा है। इस वर्ष परिवार ने रजत जयंती महोत्सव के रूप में इस सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया। इस अवसर पर डूंगर मालवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के दानदाताओं एवं विशेष सहयोगियों का सम्मान कर उनकी सेवाओं का अभिनंदन भी किया गया। यह आयोजन सेवा, समर्पण, श्रद्धा और मानवता का अनुपम उदाहरण बनकर श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा।





