सजेली रेलवे फाटक के पास स्लीपर बस के क्लीनर की गिरने से मौत
जर्जर सड़क और निर्माणाधीन ब्रिज के बीच हुआ हादसा, सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर; ग्रामीणों ने ठेकेदार कंपनी और प्रशासन की लापरवाही पर उठाए सवाल

जर्जर सड़क और निर्माणाधीन ब्रिज के बीच हुआ हादसा, सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर; ग्रामीणों ने ठेकेदार कंपनी और प्रशासन की लापरवाही पर उठाए सवाल
झाबुआ । सजेली रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसे में स्लीपर बस के क्लीनर की चलती बस से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसा आज सुबह का बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस सजेली रेलवे फाटक के पास से गुजर रही थी, तभी क्लीनर अचानक बस से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की एक बड़ी वजह सड़क की जर्जर हालत है। आसपास के निवासियों के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में निर्माणाधीन ब्रिज के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य कर रही ठेकेदार कंपनी सड़क की स्थिति सुधारने और सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा निर्माण कार्य स्थल पर उचित सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।





