थांदला में कांग्रेस पर्यवेक्षकों के सामने हुई जिला अध्यक्ष के लिए रायशुरमारी
बंद कमरे में कार्यकर्ताओं से पूछी गई उनके मन की बात

थांदला – इन दिनों मध्य प्रदेश में कांग्रेस के संगठन को मजबूत और नए रूप में ढालने की कोशिश की जा रही है कुछ दिन पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी भोपाल आए थे जहां पर उन्होंने संगठन को नए तरीके से बनाने की बात कही जिसके बाद कांग्रेस की ओर से अलग-अलग जिलों में प्रभारी बना कर कार्यकर्ताओं से चर्चा कर नए जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । इसी के चलते झाबुआ जिले में भी कांग्रेस के द्वारा गठित टीम के द्वारा जिले की तीनों विधानसभा झाबुआ, थांदला और पेटलावद में बैठक रखी गई और कार्यकर्ताओं से राय शुमारी की गई ।
थांदला में सोमवार को होटल अनमोल में कांग्रेस की बैठक हुई । केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आए तेलंगाना के पूर्व विधायक एस. ए. संपतकुमार व मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा दोनों की मौजूदगी में बंद कमरे में अलग-अलग कार्यकर्ताओ व वरिष्ठ कांग्रेस के नेताओं से नए जिला अध्यक्ष को लेकर चर्चा कर उनकी राय जानी गई ।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष के लिए रखी गई इस बैठक में पहुंचे थे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष बनने को लेकर कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है ।
मंगलवार को पेटलावद विधानसभा में भी राय शुमारी के लिए कांग्रेस की बैठक रखी जाएगी । इसके बाद पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट कांग्रेस आला कमान को पेश करेंगे इसके बाद में जिला अध्यक्ष का फैसला हो पाएगा ।
नाम ना लिखने की शर्त पर कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झाबुआ संवाद से बात करते हुए बताया कि उन्हें इस बार जिला अध्यक्ष आदिवासी समाज का व्यक्ति चाहिए क्योंकि झाबुआ जिला आदिवासी बाहुल्य जिला है इसलिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी आदिवासी समाज से रहेगा तो आदिवासी समाज के युवा कार्यकर्ताओं को एक ऊर्जा प्रदान करेगा। फिलहाल जिला अध्यक्ष कौन बनेगा इसका फैसला कांग्रेस आला कमान को करना है।





