जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
10 नवम्बर से 15 नवम्बर तक आयोजित होने वाली विविध गतिविधियों के संबंध में कलेक्टर ने दिये निर्देश

झाबुआ । जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने, स्वतंत्रता संग्राम एवं सांस्कृतिक विरासत में उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण करने तथा जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से 15 नवम्बर 2025 को धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयन्ती को वर्ष 2021 से जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती के समापन अवसर पर 1 नवम्बर से 15 नवम्बर 2025 तक भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करते हुए पाँचवाँ जनजातीय गौरव दिवस सम्मानपूर्वक मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में 10 नवम्बर से 15 नवम्बर तक आयोजित होने वाली विविध गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इसमें 10 नवम्बर को जनजातीय व्यंजनों की प्रदर्शनी, 11 नवम्बर को पिथौरा एवं अन्य ट्राइबल आर्ट का प्रदर्शन, 12 नवम्बर को तीरंदाजी एवं अन्य खेल प्रतियोगिताएँ, 13 नवम्बर को शहर में जनजातीय पदयात्रा, 14 नवम्बर को ब्लॉक स्तर पर तडवी यात्रा तथा 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी दी गई। साथ ही 11 नवम्बर से 15 नवम्बर तक सभी विकासखण्डों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में रथयात्रा एवं पैदल यात्रा का आयोजन करने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं सीईओ जनपद पंचायतों को विकासखण्ड स्तरीय रथयात्राओं हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 नवम्बर को प्रत्येक विकासखण्ड में गरिमामय कार्यक्रमों के आयोजन हेतु कहा, जिसमें सम्माननीय जनजातीय व्यक्तित्व एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जनजातीय गौरवशाली इतिहास एवं विभागीय प्रदर्शनियों के प्रभावी प्रदर्शन हेतु सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करें। उन्होंने रथ यात्राओं के रूट चार्ट शीघ्र निर्धारित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर नेहा मीना ने समस्त आदि सेवा केंद्रों एवं अन्य शासकीय भवनों को ट्राइबल आर्ट से सुसज्जित कर आकर्षक रूप देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ, थांदला, मेघनगर, डिप्टी कलेक्टर एवं समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





