
सौरभ खेमसरा
मेघनगर । प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। शुक्रवार देर रात जिला कलेक्टर नेहा मीना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एसडीएम रितिका पाटीदार को उनके पद से हटाकर जिला कार्यालय झाबुआ भेज दिया गया है। उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर अवनधति प्रधान को मेघनगर का नया एसडीएम (राजस्व) नियुक्त किया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल क्षेत्र में हाल ही में हुए गोकशी के मामले के बाद उत्पन्न हुए जनाक्रोश के बीच हुआ है। गोकशी की घटना सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन किया था और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी। यह मामला इंदौर कमिश्नर तक भी पहुंचा था।
प्रशासनिक स्तर पर यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले मेघनगर टीआई के.एल. बरकडे को हटाकर उनके स्थान पर दिनेश शर्मा को नियुक्त किया गया था और थांदला एसडीओपी नीरज नामदेव का भी तबादला कर दिया गया है।

एसडीएम रितिका पाटीदार को हटाया जाना इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिसे संगठनों की नाराजगी दूर करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बहाल करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।





