औचक निरीक्षण में मिली लापरवाही, कलेक्टर ने सचिव पर कार्रवाई के दिए आदेश
अवैध निर्माण और लापरवाही पर भड़के कलेक्टर

झाबुआ । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सोमवार को उप स्वास्थ्य केंद्र रंगपुरा एवं ग्राम पंचायत देवझिरी पण्डा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और पंचायत की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा लापरवाही पाए जाने पर पंचायत सचिव के निलंबन के निर्देश जारी किए।
उप स्वास्थ्य केंद्र रंगपुरा में कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

इसके बाद कलेक्टर ग्राम पंचायत देवझिरी पण्डा पहुंचे, जहां निरीक्षण के दौरान पंचायत क्षेत्र में अवैध निर्माण पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा में यह भी सामने आया कि पंचायत सचिव द्वारा 1 जुलाई को पदभार ग्रहण करने के बाद भी पंचायत में अपेक्षित शासकीय कार्यों का संचालन प्रभावी ढंग से नहीं किया गया।

शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही एवं दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को संबंधित पंचायत सचिव के तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





