आसमान से गिरी आफत, खेत में बुझ गया एक घर का चिराग
एक ही पल में किसान और दो बैलों की मौत, खेती की उम्मीदों पर भी गिर गई बिजली

थांदला । मानसून की पहली बारिश जहां किसानों के लिए उम्मीद लेकर आई थी, वहीं ग्राम कलदेला में यही बारिश एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। गुरुवार शाम खेत में हल चला रहे किसान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली का झटका इतना तेज था कि किसान और उसके साथ खेत जोत रहे दोनों बैलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कलदेला निवासी कलजी पिता मडिया मईड़ा (58 वर्ष) रोज की तरह शाम करीब 5:30 बजे अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। अचानक मौसम ने करवट ली, तेज गर्जना हुई और देखते ही देखते बिजली सीधे खेत में आ गिरी। कुछ ही क्षणों में खेत का दृश्य मातम में बदल गया। किसान और दोनों बैल जमीन पर गिर पड़े। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थांदला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थांदला भिजवाया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खेती के साथ टूट गया परिवार का सहारा
मृतक किसान अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर व्यक्ति की आंखें नम दिखाई दीं। जिन बैलों के सहारे किसान अपनी रोजी-रोटी चलाता था, वे भी इस हादसे में काल का ग्रास बन गए।
ग्रामीणों ने की राहत सहायता की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मृतक किसान के परिवार को प्राकृतिक आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस दुर्घटना ने केवल एक किसान की जान नहीं ली, बल्कि एक परिवार की आजीविका भी छीन ली।





