
इमरान खत्री
आलीराजपुर । कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय उमराली से लगातार शिकायतें प्राप्त होने पर इसे गंभीरता से लेते हुए विद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने भोजन, प्राचार्य के व्यवहार तथा विद्यालय प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं को लेकर गंभीर शिकायतें कलेक्टर के समक्ष रखीं। छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं के प्रति गहरी नाराज़गी व्यक्त की।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने धैर्यपूर्वक सभी आवासीय विद्यार्थियों की समस्याएँ सुनीं और विद्यालय के शिक्षकों द्वारा भी प्राचार्य के व्यव्हार के प्रति नाराजगी जताई तथा अन्य स्टाफ सदस्यों से चर्चा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। दोनों पक्षों से वार्ता के पश्चात तथा जांच के दौरान पता चला कि प्राचार्य द्वारा बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है, भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है तथा कुछ स्टाफ सदस्यों द्वारा भी छात्रों के साथ दुर्व्यवहार जैसी समस्या सामने आई।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जांच दल को तुरंत निर्देश दिए कि छात्रों द्वारा बताई गई सभी बातों का विस्तृत जांच प्रतिवेदन शीघ्र तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाए, ताकि विद्यालय में दी जा रही सुविधाओं में सुधार किया जा सके। साथ ही छात्र-छात्राओं को समझाइश देते हुए कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि उनकी सभी परेशानियों का त्वरित निराकरण किया जाएगा और उन्हें बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा।

साथ ही कलेक्टर श्रीमती माथुर ने सभी प्रशासनिक अमले को निर्देशित किया कि वह आगामी एक सप्ताह तक इस विद्यालय की सतत मॉनिटरिंग करे ताकि विद्यार्थियों के साथ कोई दुर्व्यवहार न किया जाए,साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना सुनिश्चित हो तथा प्रतिदिन की जांच रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय में उपलब्ध कराए।साथ ही fजिले के समस्त आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासो का समय समय पर निरीक्षण करे तथा जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से कलेक्टर कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। इसके पश्चात कलेक्टर द्वारा आक्रोशित बच्चों के भोजन न करने की जिद को शांत करते हुए भोजन ग्रहण करने के लिए तैयार किया तथा उनके साथ बैठकर कर स्वंय ने भी भोजन किया।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री मनोज गरवाल, सहायक आयुक्त श्री संजय परवाल, तहसीलदार श्रीमती रानू माल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





