इंदौरदेशधार्मिकमध्यप्रदेश

पूर्णिमा पर खिचड़ी वितरण में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, महेश्वर में गौरव दिवस ने बढ़ाई रौनक

इन्दौर । मां नर्मदा के पावन तट महेश्वर में पूर्णिमा पर्व के अवसर पर आयोजित खिचड़ी वितरण कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया। विभिन्न समाचार पत्रों, मीडिया संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सेवा कार्य में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया। 31 मई को पूर्णिमा पर्व होने के साथ ही महेश्वर में गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया था। इसके चलते महेश्वर में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और धर्मप्रेमी नागरिकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। मां नर्मदा के दर्शन और पुण्य लाभ के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने खिचड़ी प्रसाद ग्रहण कर सेवा कार्य की सराहना की। आयोजन के दौरान सेवा भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संभालीं। श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक वातावरण और सेवा की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बजरंग सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुनील रघुवंशी, अनिल रघुवंशी, राहुल रघुवंशी, विक्रम रघुवंशी तथा धामनोद के वरिष्ठ पत्रकार दीपक शिंदे ने विशेष सहयोग प्रदान किया। उनके सहयोग और सक्रिय सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस सेवा आयोजन के पीछे वरिष्ठ पत्रकार एवं आयोजन संरक्षक संदीप सेन की प्रेरणा और नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने विभिन्न मीडिया संस्थानों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर जोड़कर सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश दिया। वहीं कार्यक्रम संयोजक जीवन डोडिया ने आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाओं का सफल संचालन करते हुए सभी सहयोगियों और स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम सुव्यवस्थित, भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि “सेवा ही संगठन” और “मानव सेवा ही माधव सेवा” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रत्येक पूर्णिमा पर ऐसे सेवा कार्य किए जाते हैं। भविष्य में भी जनसेवा, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रहेंगे। पूर्णिमा पर्व, गौरव दिवस और मां नर्मदा के प्रति आस्था के अद्भुत संगम ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकजुटता का यह आयोजन महेश्वर में उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया तथा समाज को सेवा और सद्भाव का सकारात्मक संदेश दे गया।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!