क्राइमगैजेट्सदेशमध्यप्रदेशव्यापार

देपालपुर में शोरूम से 12 लाख की नई महिंद्रा बोलेरो नियो एन10 आर चोरी

शटर का ताला तोड़कर वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध, पुलिस ने शुरू की सघन जांच

देपालपुर । नगर में इंदौर रोड स्थित महिंद्रा कार शोरूम में बीती रात सुनियोजित ढंग से वाहन चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसे और नई स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) लेकर फरार हो गए। चोरी गई गाड़ी की कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। देपालपुर पुलिस के अनुसार घटना रात्रि 1:55 बजे से 3:17 बजे के बीच की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रात्रि गश्त के दौरान करीब 1:30 बजे तक क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई थी। इसके बाद प्रभात गश्त के दौरान पुलिस दल जब इंदौर रोड से गुजर रहा था, तब शोरूम का शटर ऊंचा और ताला टूटा हुआ नजर आया।

संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने पास जाकर निरीक्षण किया तो शोरूम का कांच भी टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा गया तो वहां खड़ी छह-सात नई गाड़ियों में से एक वाहन गायब था। तत्पश्चात पुलिस ने शोरूम मैनेजर असलम पटेल (खरेली, महिंद्रा कार शोरूम, देपालपुर) को रात्रि में ही फोन पर सूचना दी। घटना की आधिकारिक सूचना देपालपुर पुलिस को रात 3:35 बजे प्राप्त हुई। चोरी गई गाड़ी का मॉडल महिंद्रा बोलेरो नियो एन10 आर है, जो काले रंग की थी। बताया जा रहा है कि वाहन पूरी तरह नया था और शोरूम में बिक्री के लिए रखा गया था। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति वाहन को इंदौर रोड की ओर ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

देपालपुर पुलिस ने शोरूम मैनेजर की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा इंदौर रोड सहित आसपास के मार्गों पर संभावित भागने के रास्तों की जांच की जा रही है। नाकाबंदी, सीसीटीवी विश्लेषण तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। नगर में शोरूम से नई गाड़ी चोरी होने की इस घटना से व्यापारिक वर्ग में चिंता व्याप्त है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को और सशक्त बनाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!