देशधार्मिकमध्यप्रदेश

राठौड़ समाज धर्मशाला में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन

कृष्ण जन्मोत्सव पर श्रद्धालु भाव-विभोर

इमरान खत्री

अलीराजपुर । राठौड़ समाज धर्मशाला में पितृपक्ष के पावन अवसर पर श्री रणछोड़ राय भागवत कथा समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कथा वाचक पंडित श्री शिव गुरु शर्मा (उन्हेल वाले) के मुखारविंद से जैसे ही कृष्ण जन्म की कथा प्रारंभ हुई, पूरा पांडाल भक्ति के रंग में रंग गया।

हरि भजन से झूम उठे श्रद्धालु

कथा की शुरुआत हरि भजन से हुई, जिससे समस्त श्रोता झूम उठे। ‘भजन ले चले – अपनी नागरिया, अवध बिहारी सावरिया’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। व्यासपीठ पर विराजमान पंडित जी ने श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरित्रों का सुंदर वर्णन करते हुए बताया कि “धर्म के कार्य में टांग अड़ाने के बजाय सहयोग करना चाहिए।”

श्रीराम के प्रसंगों से मिली जीवन को दिशा

कथा में राजा बलि और वामन अवतार, श्रीराम-भरत मिलन, निषादराज प्रसंग जैसे अनेक प्रसंगों के माध्यम से पंडित जी ने गूढ़ जीवन संदेश दिए। उन्होंने कहा, “तन से कमजोर होना चलेगा, लेकिन हृदय से मजबूत रहना आवश्यक है। हृदय के सिकुड़ेपन को मत फैलाओ। माँ के त्याग से बढ़कर कोई त्याग नहीं होता।”

स्वस्थ जीवन और गोसेवा पर दिया बल

कथा के दौरान उन्होंने गाय और भैंस के दूध में फर्क बताते हुए कहा कि गाय का दूध अमृत समान है, जिससे शरीर में स्फूर्ति आती है। साथ ही आज के बच्चों द्वारा अत्यधिक पिज्जा, मोमोस जैसे जंक फूड के सेवन को हानिकारक बताया और गोसेवा से जुड़ने का आग्रह किया।

कृष्ण जन्मोत्सव पर झूम उठा पांडाल

जैसे ही रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण जन्म का दृश्य प्रस्तुत किया गया, कथा पांडाल ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की” जैसे भजनों पर गरबा-रास में शामिल हो गए। वासुदेव द्वारा बालकृष्ण को लेकर मंच पर लाने की झांकी ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे पांडाल को हल्दी-कुमकुम से सजाया गया और वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर गया।

फल तुला और व्यासपीठ पूजन

कृष्ण जन्म के उपरांत मास्टर नमन द्वारा फलों से तुलादान किया गया, जिसने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। साथ ही व्यासपीठ पूजन एवं गुरुजी से आशीर्वाद ग्रहण किया गया।

विशिष्ट अतिथियों का सम्मान

इस अवसर पर श्री रणछोड़ राय भागवत कथा समिति के कांतिलाल राठौड़ ने बताया कि महिला मंडल अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा पंडित श्री शिव गुरु शर्मा का शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया। साथ ही नानपुर, खट्टाली, आम्बुआ से आए श्रद्धालुओं एवं पंचेश्वर रामायण मंडल द्वारा भी स्वागत किया गया।

भक्ति में लीन हजारों श्रद्धालु

पूरे आयोजन के दौरान धर्मशाला का पांडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। कृष्ण जन्म के अवसर पर जैसे ही झांकी सामने आई, हजारों श्रद्धालु भक्ति में डूब गए। आयोजन को सफल बनाने में राठौड़ समाज के सभी सदस्यों, महिला मंडल और युवा कार्यकर्ताओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!