हृदयस्थ मनोहर कावड़िया नेताजी की स्मृति में रविवार को होगा सर्वरोग निदान एवं उपचार शिविर का आयोजन

सौरभ खेमसरा
मेघनगर । विश्व पूज्य दादा गुरुदेव प्रभु श्रीमद विजय राजेन्द्र सुरीश्वरजी महाराजा साहेब के जन्म द्विशताब्दी वर्ष एवं नगर के समाजसेवी, पूर्व सरपंच हृदयस्थ मनोहर कावड़िया (नेताजी) की 11वी पुण्यतिथि पर पुण्य सम्राट गुरुदेव श्रीमद विजय जयंतसेन सुरीश्वरजी महाराज साहब के पट्टधर गच्छाधिपति श्रीमद विजय नित्यसेन सुरीश्वरजी महाराज साहब की शुभ प्रेरणा एवं आचार्य श्रीमद विजय जयरत्न सुरीश्वरजी महाराज साहब के आशीर्वाद से रोटरी क्लब अपना मेघनगर एवं अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक, महिला, तरुण एवं बालिका परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कावड़िया परिवार द्वारा निःशुल्क सर्वरोग निदान एवं उपचार शिविर का आयोजन रविवार दिनांक 04 जनवरी को स्थानीय प्रायमरी कन्याशाला देसाई पेट्रोल पंप के पास आयोजित किया जा रहा है।
उक्त जानकारी देते हुए रोटरी क्लब अपना के भरत मिस्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि, पारुल सेवाश्रम हॉस्पिटल वडोदरा एवं परिषद परिवार के सहयोग से नेताजी की स्मृति में यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर के पूर्व में आयोजित शिविर में 8 दिन तक विविध जांचें संपन्न करवाई गई है, जिसका निदान, उपचार इस शिविर के माध्यम से किया जाएगा। यथासंभव दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की जावेगी।
नवयुवक परिषद अध्यक्ष देवेंद्र जैन एवं महामंत्री राहुल लोढ़ा ने बताया कि दादा गुरुदेव के जन्म द्विशताब्दी वर्ष में कावड़िया परिवार के सहकार से आयोजित इस शिविर में ब्लड शुगर की जांच, ECG जांच सब निःशुल्क की जाएगी।
महिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती स्नेहलता कावड़िया ने बताया कि, शिविर में फिजिशियन विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ एवं नाक, कान गला विशेषज्ञ अपनी सेवा प्रदान करेंगे। तरुण परिषद अध्यक्ष रवि जैन, एवं बालिका परिषद अध्यक्ष अंशिका कावड़िया सहित परिषद परिवार एवं रोटरी क्लब अपना के सदस्यों ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस शिविर में स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।





