
झाबुआ । जिले के मेघनगर के पास अगराल क्षेत्र में मंगलवार को गौसेवकों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंस के बच्चों से भरा एक ट्रक पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार ट्रक में करीब 120 से 150 भैंस के बच्चे ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे, जिन्हें हरियाणा से केरल ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही गौसेवक मौके पर पहुंचे और ट्रक को घेरकर रोक लिया। ट्रक में सवार तीन लोगों में से एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। इसके बाद गौसेवकों ने ट्रक को आरोपियों सहित मेघनगर थाने के लिए रवाना किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पशुओं को अमानवीय तरीके से भरा गया था, जिससे कई पशुओं की हालत खराब बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने पशुओं के लिए पानी और राहत की व्यवस्था भी की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।





