स्वच्छता के दावों की खुली पोल, बस स्टैंड का शौचालय बना गंदगी का अड्डा
शौचालय की गंदगी से बढ़ा बीमारी का खतरा, रहवासी परेशान

थांदला । झाबुआ जिले में नगर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने के दावे किए जा रहे हैं और इसके लिए लाखों रुपये खर्च भी किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। थांदला नगर परिषद की लापरवाही के चलते नगर की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के बस स्टैंड पर स्थित सार्वजनिक शौचालय इन दिनों गंदगी का अड्डा बना हुआ है, जिससे यात्रियों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस स्टैंड का यह शौचालय लंबे समय से साफ-सफाई के अभाव में बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। शौचालय से निकलने वाला मल-मूत्र पास ही बने एक खुले गड्ढे में जमा हो रहा है, जिससे चारों ओर गंदगी फैल रही है। इस गंदे पानी में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं, शौचालय से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण आसपास के रहवासियों और दुकानदारों का वहां रहना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर परिषद अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लगभग 6 से 7 महीने पहले शौचालय के पास पानी की टंकी निर्माण के लिए एक गड्ढा खोदा गया था, जिसे आज तक नहीं भरा गया है। अब उस गड्ढे में गंदा पानी जमा हो चुका है, जो संक्रमण और बीमारियों का कारण बन रहा है।

स्थिति को और गंभीर बनाते हुए, शौचालय के पास बना पुरुष मूत्रालय भी नगर परिषद द्वारा तोड़ दिया गया है। इसके बाद से वहां आने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सुलभ शौचालय के आसपास भी भारी गंदगी का आलम है, जिससे यात्रियों को शौचालय और मूत्रालय का उपयोग करने में दिक्कतें हो रही हैं।
मुख्य समस्याएं :-
• शौचालय में फैली अत्यधिक गंदगी
• खुले गड्ढे में जमा गंदा पानी
• मच्छरों के कारण बढ़ता बीमारी का खतरा
• यात्रियों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी
रहवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, खुले गड्ढे को तुरंत भरा जाए और टूटे हुए मूत्रालय का पुनर्निर्माण किया जाए। साथ ही, स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

भंसाली चौराहे के आस पास शौचालय नहीं होने की वजह से व्यापारि ओर आम जनता परेशान
थांदला नगर में भंसाली चौराहा जो कि सब से व्यस्त इलाकों में से आता हे ओर सब से ज्यादा ग्रामीण अपनी रोजमर्राज ज़रूरतों की खरीदी इस ही चौराहे से करते हे यहां लोगों का आना जाना लगा करता हे, भंसाली चौराहे के आस-पास शौचालय नहीं होने की वजह से लोगों जहां जगह मिलती हे वही खड़े हो कर पेशाब करने लग जाते हे जिसे कई बार व्यापारियों ओर लोगो बिच बहस भी हो चुकी हे।
पहले पास में ही चर्च गली में बना एकमात्र पुरुष मूत्रालय भी होता था जिसे नगर परिषद द्वारा कुछ महीने पहले तोड़ दिया गया था। करीब 5 से 6 महीने बीत जाने के बाद भी नया निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र के व्यापारी और दुकानदार पेशाब घर न होने से परेशान हैं। उनका कहना है कि इस व्यस्त इलाके में शौचालय की सुविधा दूर होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
क्या बोले नगर परिषद सीएमओ
जब हमने मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश जायसवाल से दूर संचार पर बात करने की कोशिश करी तो सीएमओ साहब द्वारा फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझा गया।





