झाबुआदेशमध्यप्रदेश

रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की आधिकारिक यात्रा एवं शपथ ग्रहण समारोह 1 जून को

सौरभ खेमसरा

मेघनगर । रोटरी क्लब अपना मेघनगर द्वारा रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3040 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. सुशील जी मल्होत्रा की आधिकारिक यात्रा के अवसर पर आगामी रोटरी सत्र 2026-27 के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटे. कमलेश गरवाल, सचिव रोटे. दीपक व्यास एवं उनकी नवीन कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर एवं क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, चिकित्सा, सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा।

रोटरी क्लब अपना मेघनगर के अध्यक्ष रोटे. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम सोमवार, 1 जून 2026 को सायं 6:00 बजे वागरेचा फार्म हाउस, कल्लीपुरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में रोटरी परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटे. सुशील जी मल्होत्रा (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040) रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटे. रूबी जी मल्होत्रा (फर्स्ट लेडी, डिस्ट्रिक्ट 3040) तथा रोटे. रोहित कटकानी (असिस्टेंट गवर्नर) अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे।

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. सुशील जी मल्होत्रा अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान रोटरी क्लब अपना मेघनगर द्वारा विगत एक वर्ष में किए गए सेवा कार्यों, सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रकल्पों, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण गतिविधियों, रक्तदान शिविरों, चिकित्सा शिविरों, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं मानव सेवा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत अवलोकन करेंगे। साथ ही वे क्लब की उपलब्धियों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं की समीक्षा कर क्लब सदस्यों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब अपना मेघनगर निरंतर समाजहित एवं मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, देहदान जागरूकता तथा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज को लाभान्वित कर रहा है। क्लब द्वारा वर्षभर संचालित सेवा कार्यों की जानकारी भी इस अवसर पर प्रस्तुत की जाएगी।

शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटे. कमलेश गरवाल एवं सचिव रोटे. दीपक व्यास अपनी नवीन कार्यकारिणी के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे तथा आगामी रोटरी वर्ष की कार्ययोजना एवं सेवा संकल्प प्रस्तुत करेंगे।

रोटरी क्लब अपना मेघनगर ने नगर एवं क्षेत्र के सभी गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, रोटेरियनों, पत्रकार बंधुओं एवं आमजन से कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने तथा रोटरी के सेवा संकल्प को सशक्त बनाने का आग्रह किया है।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!