
योगेश गवरी
रिंगनोद । राजगढ़ रिंगनोद मार्ग पर स्थित भटू बयड़ा घाटी के समीप वीर शहीद क्रांतिकारी टंट्या भील की प्रतिमा विधिवत पूजा अर्चना के साथ स्थापित की गई। इस अवसर पर आदिवासी एकता का संदेश देते हुए कांग्रेस, भाजपा, जय आदिवासी युवा शक्ति, भारत आदिवासी पार्टी, भील सेना सहित अन्य राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों के सदस्य एक ही मंच पर नजर आए और आदिवासी एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, जयस के भीम सिंह ग्रेवाल,विशेष अतिथि के रूप में पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, भारत आदिवासी पार्टी के रवि वास्केल, भील सेना के शंकर बामनिया, आदिवासी एकता परिषद के भेरूलाल अमलियार सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अतिथियों के द्वारा जय जोहार के साथ विधि-विधान से पूजा अर्चना कर वीर टंट्या भील की प्रतिमा को तिलक लगाकर और साफा बांधकर प्रतिमा को स्थापित किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने उपस्थित आदिवासी समाजजनों को संबोधित करते हुए टंट्या भील, और बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डाला और आदिवास समाज की एकता पर जोर दिया तथा समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने की अपील करते हुए उपस्थित आदिवासी भाइयों को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ भी दिलाई गई। अतिथियों का स्वागत मोहन डामर, काना निनामा, राकेश सिंगार, नान सिंह सिंगार, मोहन अमलियार विष्णु डामर आदि ने किया । संबोधित कार्यक्रम में ईश्वर सिंगार, महेश निनामा, कन्हैया मालीवाड़,दिलीप कटारा, दशरथ चरपोटा, गजराज भूरिया, जितेंद्र बारिया, शेर सिंह परमार, भानुसिंह ग्रेवाल आदि मौजूद रहे।कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें रिंगनोद सहित आसपास क्षेत्र के आदिवासी समाज की सहभागिता रही।





