8-लेन एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण
अवैध घुसपैठ रोकने के निर्देश, थांदला-काकनवानी पुलिस चलाएगी संयुक्त अभियान

निर्मल मोठिया
थांदला/काकनवानी। 8-लेन एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध घुसपैठ पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल महोबिया ने अधिकारियों के साथ टिमरवानी टोल नाका एवं 8-लेन एक्सप्रेसवे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं दुर्घटना राहत व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में एसडीओपी राजेश सुलिया, थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश तथा थाना प्रभारी काकनवानी तारा मंडलोई भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक्सप्रेसवे के विभिन्न बिंदुओं का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने 8-लेन एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान हाईवे पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से राहत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस दौरान हाईवे पर संचालित NHAI पेट्रोलिंग वाहनों एवं पुलिस पीसीआर वाहनों की भी जांच की गई। संबंधित कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा नियमित गश्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

थांदला और काकनवानी पुलिस चलाएगी संयुक्त अभियान
एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना थांदला एवं थाना काकनवानी को संयुक्त रूप से “ज्वाइंट ऑपरेशन” चलाने के निर्देश दिए। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस मिलकर नियमित गश्त करेगी तथा अवैध घुसपैठ, असामाजिक गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखेगी।
सुरक्षा को लेकर दिए गए प्रमुख निर्देश
- 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर अवैध प्रवेश एवं घुसपैठ पर सख्त निगरानी रखी जाए।
- दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया जाए।
- हाईवे पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाया जाए।
- पुलिस पीसीआर एवं NHAI पेट्रोलिंग वाहनों की सतत मॉनिटरिंग की जाए।
- संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखकर
- दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जाए।
- दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।
- आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “हाईवे पर सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण से एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





