क्राइमगैजेट्सझाबुआटेक्नोलॉजीदेशमध्यप्रदेशमनोरंजनमौसमराजनीतिव्यापारशिक्षा

यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाती थांदला नगर परिषद, CMO के जवाब समझ से परे…

नियमों से बेपरवाह नगर परिषद: बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे कचरा वाहन

क्या आम जनता के ऊपर हि गिरती है नियमों की गाज 

थांदला (झाबुआ)। नगर परिषद द्वारा शहर के 15 वार्डों में कचरा संग्रहण के लिए संचालित किए जा रहे कचरा वाहनों पर अब तक आरटीओ रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट नहीं लगाई गई है। इसके बावजूद ये वाहन नगर की सड़कों पर लगातार दौड़ते नजर आ रहे हैं, जिससे यातायात नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के ये कचरा वाहन प्रतिदिन वार्डों में घर-घर जाकर कचरा एकत्रित कर रहे हैं, लेकिन इनमें से कई वाहनों पर अब तक आरटीओ द्वारा जारी नंबर प्लेट नहीं लगी है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में संबंधित स्वच्छता अधिकारी द्वारा भी कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।

गौरतलब है कि बिना नंबर प्लेट के किसी भी वाहन का सड़क पर संचालन मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन माना जाता है। पुलिस प्रशासन समय-समय पर दोपहिया और चारपहिया निजी वाहनों की जांच कर बिना नंबर प्लेट या अधूरे दस्तावेज पाए जाने पर चालान काटता है और कई मामलों में वाहन जब्त भी किए जाते हैं।

इसके विपरीत नगर परिषद के वाहन बिना नंबर प्लेट के ही सड़कों पर चल रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इन वाहनों से कोई दुर्घटना या अनहोनी होती है तो जिम्मेदारी तय करना भी मुश्किल हो सकता है।

इस संबंध में जब हमारे द्वारा फोन पर थांदला नगर परिषद के सीएमओ कमलेश जयसवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कचरा वाहनों पर अभी तक नंबर प्लेट क्यों नहीं लगी है। उनका कहना था कि ये वाहन उनके पदभार ग्रहण करने से पहले खरीदे गए थे।

जब उनसे यह सवाल किया गया कि यदि इन वाहनों से कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, तो उन्होंने जवाब दिया कि “जिसका वाहन होगा, वही जिम्मेदारी लेगा।” साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि “क्या कोई दुर्घटना हुई है?”

अब बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि नगर के 15 वार्डों में घूम रहे इन कचरा वाहनों का मालिक आखिर कौन है? 

यदि ये वाहन नगर परिषद के हैं तो अब तक इनका आरटीओ रजिस्ट्रेशन क्यों नहीं कराया गया और नंबर प्लेट क्यों नहीं लगाई गई?

नगरवासियों ने मांग की है कि नगर परिषद प्रशासन जल्द से जल्द सभी कचरा वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराकर नंबर प्लेट लगवाए, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सके।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!