झाबुआदेशमध्यप्रदेशराजनीति

पेयजल संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल, पीएचई विभाग की निकाली प्रतीकात्मक अर्थी

­झाबुआ । जिले में गहराते पेयजल संकट और खराब पड़े हैंडपंपों को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने पीएचई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खराब जल व्यवस्था को लेकर पीएचई विभाग की प्रतीकात्मक अर्थी निकालते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “राम नाम सत्य है, भाजपा वाले मस्त है” जैसे नारों से माहौल पूरी तरह गरमा गया।

आंदोलन का नेतृत्व विक्रांत भूरिया और वीरसिंग भूरिया ने किया। दोनों नेताओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को लेकर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर खाली मटके लेकर शामिल हुईं। महिलाओं ने पीएचई कार्यालय के बाहर खाली मटके फोड़कर अपना आक्रोश जताने की तैयारी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिले के कई गांवों में हैंडपंप बंद पड़े हैं, जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन समस्या के समाधान के बजाय मौन बना हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनता की मूलभूत समस्याओं पर जवाब मांगा।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!