झाबुआदेशमध्यप्रदेश

6 माह से मानदेय नहीं मिलने पर फूटा आशा कार्यकर्ताओं का गुस्सा

मेघनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर किया प्रदर्शन, बीएमओ को सौंपा ज्ञापन

सौरभ खेमसरा

मेघनगर । स्वास्थ्य सेवाओं की अहम कड़ी मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगिनियों का आक्रोश मंगलवार को मेघनगर में खुलकर सामने आया। पिछले कई महीनों से मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नवंबर माह से अब तक उनके बैंक खातों में मानदेय की राशि जमा नहीं हुई है। करीब छह माह से भुगतान लंबित होने के कारण आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि नियमित मानदेय के साथ-साथ लंबे समय से आशा प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी अटका हुआ है, जिससे उनमें भारी नाराजगी व्याप्त है।

प्रदर्शन के बाद आशा कार्यकर्ताओं ने बीएमओ डॉ. विनोद नायक को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मानदेय और प्रोत्साहन राशि जारी नहीं की गई तो वे काम बंद कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगी।

इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर टीकाकरण, प्रसव सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कार्य पूरी जिम्मेदारी से करती हैं, लेकिन उनके मेहनताना को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!