देवास की पटाखा फैक्ट्री में महाविस्फोट, टोंककला दहला
कई मजदूरों की मौत की आशंका, सड़क पर बिखरे शवों के टुकड़े, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

बालकृष्ण वर्मा
देवास । देवास जिले के ए.बी. रोड स्थित टोंककला क्षेत्र में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी और आसपास के मकानों में कंपन महसूस किया गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से अभी मृतकों और घायलों के आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि नहीं की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना भयावह था कि सड़क पर शवों के टुकड़े तक बिखर गए। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में आग की लपटें उठने लगीं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर घायलों को बचाने के लिए दौड़े, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।
ग्रामीणों ने फैक्ट्री संचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में लंबे समय से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और खुलेआम बड़ी मात्रा में बारूद रखा जा रहा था। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध एवं असुरक्षित पटाखा फैक्ट्रियों के संचालन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।





