अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी कराने का प्रलोभन देकर की धोखाधड़ी
42 दुल्हों की बारात बैरंग लौटाने वाले 3 आरोपी आये पुलिस की गिरफ्त में

बालकृष्ण वर्मा
देवास । दिनांक 24.05.2026 को फरियादी अभिषेक वर्मा ने थाना बैंक नोट प्रेस उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जीजाजी जितेन्द्र वर्मा निवासी सतपिपल्या, जिला सीहोर के माध्यम से उसकी पहचान विदिशा निवासी मुकेश दास बैरागी से हुई। आरोपियों ने स्वयं को अनाथ आश्रम की लड़कियों की शादी कराने वाला बताते हुए फरियादी को इंदौर स्थित मातृछाया अनाथ आश्रम की लड़कियों के फोटो भेजे तथा शादी कराने के नाम पर 25,000 रुपये एडवांस मांगे। फरियादी द्वारा शादी की आशा में दिनांक 06.05.2026 को अपने फोन-पे नंबर से आरोपी के खाते में 25,000 रुपये ट्रांसफर किए गए।
आरोपियों ने फरियादी सहित अन्य लोगों को दिनांक 24 एवं 25 मई को देवास स्थित माता टेकरी पर सामूहिक विवाह कराने के लिए बुलाया। निर्धारित तिथि पर फरियादी अपने परिजनों सहित देवास पहुँचा, जहाँ अन्य कई युवक भी शादी के लिए आए हुए थे। आरोपियों द्वारा पहले बस स्टैंड के पास धर्मशाला और बाद में राधागंज क्लब ग्राउंड पर बुलाया गया, लेकिन कहीं भी विवाह की कोई व्यवस्था नहीं मिली। आपस में चर्चा करने पर सभी लोगों को पता चला कि आरोपियों ने सभी से एक जैसी बात कहकर तथा समान लड़कियों के फोटो भेजकर रुपये ऐंठे हैं।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बीएनपी में अपराध क्रमांक 312/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपीगणों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस निरीक्षक प्रीती कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों को देवास एवं इंदौर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी संबंधित थानों से प्राप्त की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी के नाम :-
1. सुनीता पति मुकेश दास बैरागी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी हाल महानीम चौराहा, विदिशा थाना शमशाबाद जिला विदिशा।
2. मुकेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी हाल महानीम चौराहा, विदिशा थाना शमशाबाद जिला विदिशा।
3. दिनेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी हाल महानीम चौराहा, विदिशा थाना शमशाबाद जिला विदिशा।
सराहनीय भूमिका :-
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे, उप निरीक्षक रामलाल भगत, राहुल परमार, सउनि रविन्द्र गोदार, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, अनिल, आरक्षक संदीप, रोहित रोजड़े, महिला आरक्षक शिवानी कुशवाह, मोनिका एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की उल्लेखनीय भूमिका रही।





