थांदला-खवासा में यातायात व्यवस्था सुधारने संयुक्त अभियान, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

थांदला । थाना थांदला अंतर्गत चौकी खवासा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने तथा ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण के उद्देश्य से राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
वहीं यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्रवाई में एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी थांदला सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
संयुक्त टीम द्वारा बस स्टैंड चौराहे से लेकर रोगिया देवी चौराहे तक पैदल भ्रमण कर दुकानों के सामने अव्यवस्थित खड़े वाहनों को लेकर भी समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान सड़कों पर हुड़दंग कर रहे आवारा तत्वों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।





