इंदौरक्राइमदेशमध्यप्रदेश

संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता की सघन कार्रवाई

11 वाहनों से एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में इंदौर जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संभागीय परिवहन सड़क सुरक्षा दस्ता द्वारा लोक परिवहन वाहनों, स्कूल एवं कॉलेज वाहनों तथा मालवाहक वाहनों की नियमित जांच की जा रही है।

 शुक्रवार को सड़क सुरक्षा दस्ता द्वारा राऊ चौराहा एवं बायपास क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर लोक परिवहन एवं मालवाहक वाहनों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, परमिट की शर्तों का पालन, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी, वाहन की गति, स्पीड गवर्नर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही बसों में ओवरलोडिंग, यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने जैसी शिकायतों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों एवं मालिकों को अपने वाहनों पर एचएसआरपी (HSRP) नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगवाने के लिए भी प्रेरित किया।

 अभियान के दौरान स्कूल एवं कॉलेज वाहनों की विशेष रूप से सघन जांच की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि विद्यार्थियों के परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहन सभी सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं तथा आवश्यक दस्तावेज एवं परमिट पूर्ण रूप से वैध हैं।

11 वाहनों पर कार्रवाई, एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना

 संभागीय परिवहन सड़क सुरक्षा दस्ता, इंदौर के प्रभारी परिवहन निरीक्षक श्री आकाश सिटोले ने बताया कि जांच के दौरान बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम तथा आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकास व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

 कार्रवाई के दौरान बस संचालकों एवं वाहन मालिकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों का संचालन मोटरयान अधिनियम एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Navinata Akhbaar
IMG_1778519643904

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!